संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। अंब थाना पुलिस ने अंब बेला रेलवे स्टेशन के नजदीक एक 31 वर्षीय युवक को 1.70 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निशांत कुमार निवासी वार्ड-8 प्रतापनगर अंब जिला ऊना के तौर पर हुई। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम गश्त पर थी और मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए तैनात थी। शुक्रवार शाम के लगभग पौने छह बजे अंब बेला रेलवे स्टेशन के पास कच्चे रास्ते से लगी झाड़ियों के नजदीक पहुंचे तो उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। पुलिस पार्टी को देखते ही वह व्यक्ति घबरा गया और उसने तुरंत अपनी लोअर की दाहिनी जेब से कोई वस्तु निकालकर झाड़ियों की ओर फेंक दी। मादक पदार्थ होने का संदेह होने पर पुलिस पार्टी ने मौके पर ही उक्त व्यक्ति को काबू कर लिया। आरोपी की ओर से झाड़ियों में फेंकी गई वस्तु को ढूंढ़ा गया। तलाशी के दौरान एक पारदर्शी पॉलिथीन बरामद हुआ। इसकी जांच करने पर उसके अंदर 1.70 ग्राम सफेद और सलेटी रंग का डलीनुमा पदार्थ मिला। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।