खरीदार भी पुलिस की गिरफ्त में,
संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली (ऊना)। हरोली पुलिस की टीम ने वीरवार को सलोह गांव में 1.66 ग्राम चिट्टा बरामद कर आरोपी को काबू किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार सहायक उप निरीक्षक चैन सिंह के नेतृत्व में हरोली पुलिस की टीम सलोह क्षेत्र में गश्त पर थी। गश्त के दौरान सलोह चौक के पास एक स्कूटी सवार पुलिस टीम को देखकर घबरा गया। वह भागने का प्रयास करने लगा तो स्कूटी सहित सड़क पर गिर गया। पुलिस शक के आधार पर उससे पूछताछ की और भागने का कारण जानना चाहा लेकिन आरोपी टालमटोल करने लगा। पुलिस को शक हुआ तो आरोपी की तलाशी ली। इस दौरान उसकी स्कूटी में एक पॉलिथीन बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि पॉलिथीन में चिट्टा रखा था। इसका वजन 1.66 ग्राम पाया गया। आरोपी की पहचान सतनाम सिंह निवासी गांव भदसाली तहसील हरोली जिला ऊना के तौर पर हुई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चिट्टा पंजाब के नंगल से लाया और बढ़ेड़ा गांव निवासी रवि को देने जा रहा था। पुलिस ने बढेड़ा निवासी आरोपी को भी काबू कर लिया। जबकि नंगल निवासी मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि हरोली पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जल्द सभी कड़ियां खंगालकर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।