संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। पुलिस थाना अंब के तहत एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए युवक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता गौरव भारद्वाज पुत्र प्रवीण कुमार, निवासी भंजाल ने बताया कि वह 4 जुलाई की रात लगभग 9:30 बजे अंब स्थित अपनी रेडिमेड गारमेंट की दुकान बंद कर स्विफ्ट कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान मुबारिकपुर के पास दौलतपुर रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने गलत दिशा से आकर उसकी कार की चालक साइड पर जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे सिविल अस्पताल अंब और फिर क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना ले जाया गया। अगले दिन ऊना अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई, जिस पर परिजन उसे होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां उसके सिर में खून जमने के चलते ऑपरेशन किया गया। एसडीपीओ अंब डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।