ऊना। आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की खस्ताहाल सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई है। एक से सात अगस्त तक आयोजित सरकारी स्कूल विजिट कैंपेन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर के सरकारी विद्यालयों का दौरा कर स्थिति का आकलन किया। पार्टी के जिला अध्यक्ष कृष्ण गोपाल गर्ग ने बताया कि कई विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी, जर्जर भवन, शौचालय, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव और शिक्षण गुणवत्ता में गिरावट जैसी समस्याएं सामने आईं। जिलाधीश को सौंपे ज्ञापन में पार्टी ने मांगें रखीं कि राज्य बजट का कम से कम 25 फीसदी शिक्षा पर व्यय किया जाए। रिक्त पदों पर तत्काल शिक्षक भर्ती हो। सभी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सशक्त किया जाए। ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर स्टेट उपाध्यक्ष पूर्ण चंद, पूर्व उम्मीदवार मनोहर डडवाल, लोकसभा अध्यक्ष राज ठाकुर सहित गुरप्रीत सिंह, अभय चौधरी, विपिन कुमार, सुषमा शर्मा, दिलबाग सिंह और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।