सिंगा के वोल्ट्स एनर्जी उद्योग में दो महीनों से बकाया वेतन को लेकर प्रदर्शन करते हुए कामगार।सं
दो महीने से बकाया वेतन न देने पर कामगारों ने किया उग्र प्रदर्शन
डीसी और एसडीएम को पत्र सौंपकर मांगी जल्द कार्रवाई
बोले-समस्या का समाधान होने तक कामगार जारी रखेंगे धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। ऊना जिले के सिंगा स्थित वोल्टस एनर्जी उद्योग में कामगारों का वेतन विवाद फिर गहरा गया है। उद्याेग प्रबंधन के खिलाफ मंगलवार को कामगारों ने गेट के बाहर मुर्दाबाद के नारे लगाए। कामगारों को दो माह से बकाया वेतन नहीं दिया है। इसे लेकर कामगारों ने उद्योग के गेट पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। इस विरोध के दौरान कामगारों ने पुलिस को लिखित पत्र देकर जल्द से जल्द बकाया वेतन दिलवाने की मांग की, ताकि उनका परिवार इस आर्थिक संकट से बाहर निकल सके। प्रदर्शन के दौरान कामगारों ने उद्योग के गेट पर वोल्टस एनर्जी के बजाय अम्बे फेरस प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से नोटिस चस्पां देखा। इसे देखकर कामगार भड़क उठे और उन्होंने इसे भ्रमित करने की कोशिश करार दिया। कामगारों ने साफ-साफ कहा कि वे वोल्टस एनर्जी में काम कर रहे हैं न कि किसी अन्य उद्योग में। इस विवाद पर थाना प्रभारी रिंकू सूर्यवंशी और ट्रैफिक इंचार्ज रामपाल ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर उद्योग के एमडी राजेश गुप्ता से चर्चा की। हालांकि, एमडी राजेश गुप्ता ने किसी भी तरह की गलती से इंकार किया और वोल्टस एनर्जी के नाम से नोटिस लगाने से मना कर दिया। नोटिस को लेकर सफाई देने से मना करने पर कामगारों ने नाराज होकर गेट पर धरना देने का फैसला किया। उन्होंने घोषणा की कि वे अपने हक के लिए जन प्रतिनिधियों का समर्थन प्राप्त कर इस विरोध को और अधिक प्रभावशाली बनाएंगे। कामगारों का आरोप है कि एमडी राजेश गुप्ता कामगारों को डराने-धमकाने के लिए केस दर्ज करवाने की धमकियां देते हैं, ताकि वे इस मुद्दे पर आवाज न उठा सकें। कामगारों ने जिलाधीश और एसडीएम हरोली को मामले की गंभीरता से अवगत कराते हुए लिखित में शिकायत दी है। उन्होंने अधिकारियों से उद्योग के गेट पर शांतिपूर्ण धरना देने की अनुमति मांगी है और कहा है कि जब तक उन्हें उनका वेतन नहीं मिल जाता, वे विरोध जारी रखेंगे। उद्योग के एमडी राजेश गुप्ता ने कामगारों को जल्द ही बकाया वेतन देने का आश्वासन दिया है। कामगारों का कहना है कि यह आश्वासन महज एक दिखावा है। उनका कहना है कि इस प्रकार के आश्वासन पहले भी दिए गए हैं। लेकिन वेतन आज तक नहीं मिला। इस मौके पर थाना प्रभारी रिंकू सूर्यवंशी आपने पूरी टीम के साथ मौजूद रहे तथा उद्योग के सभी कामगार भी उद्योग के बाहर मौजूद रहे।