ग्रामीण बोले, आजादी के 77 साल बाद पूरी हुई मांग
बरसात और आपातकाल में करना पड़ता था कठिनाइयों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। आजादी के 77 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद बेहड़ जसवां पंचायत के वार्ड नंबर पांच की जनता को बड़ी राहत मिली है। पंचायत ने लंबित पक्के रास्ते के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। इस क्षेत्र के लोग वर्षों से कच्चे और बदहाल रास्ते से परेशान थे। उन्हें बरसात और आपातकालीन स्थितियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की ओर से बार-बार की गई मांगों और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के चलते आखिरकार पंचायत ने इस दिशा में ठोस कदम उठाया। पक्के रास्ते के निर्माण की शुरुआत होते ही स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों का आभार जताया और इसे अपने क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। स्थानीय निवासी कालू जोली, नीलमा, नसीब बीबी, साहिल ने कहा कि हम कई वर्षों से इस समस्या से जूझ रहे थे। अब जब काम शुरू हुआ है तो पंचायत का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने हमारी बात सुनी और इस पर काम किया। पंचायत प्रधान नीलम कुमारी ने बताया कि यह कार्य विकास योजनाओं के तहत कराया जा रहा है और जल्द ही इसका निर्माण पूरा कर लोगों को समर्पित किया जाएगा।