बंगाणा में दूसरे चरण का प्रशिक्षण शिविर में मौजूद महिला कर्मी।संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। मतदान प्रक्रिया के दौरान एक जून को केवल महिला अधिकारियों द्वारा संचालित किए जाने वाले मतदान केंद्रों पर तैनात होने वाली पीठासीन, सहायक पीठासीन और मतदान अधिकारियों के लिए शनिवार को बंगाणा काॅलेज में दूसरे चरण का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र कुटलैहड़ के निर्वाचन अधिकारी सोनू गोयल ने भी मतदान प्रक्रिया को लेकर महिला अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मतदान से जुड़े कानूनी प्रावधानों, मतदान केंद्र में मूलभूत आवश्यकताओं तथा वहां प्रवेश से जुड़े नियमों की जानकारी देने के साथ ईवीएम, वीवीपैट और सीलिंग के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि कुटलैहड़ में 118 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें से 10 पोलिंग बूथ के संचालन का जिम्मा महिला कर्मचारियों द्वारा संभाला जाएगा। प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न होने के पश्चात महिला मतदान अधिकारियों ने चुनाव आयोग की ओर से स्थापित किए सुविधा केंद्र के माध्यम से पोस्टल बैलेट से अपना वोट डाला। इस दौरान महिला अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया और ईवीएम-वीवीपैट के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।