नंगल (ऊना)। नंगल के वार्ड नंबर 9 में महिला पार्षद इंदुबाला के नेतृत्व में तीज पर्व धूमधाम से मनाया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक पंजाबी पहनावे में सजी-धजी महिलाओं ने इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समारोह में भाग लेने पहुंची महिलाओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत करने के साथ-साथ हमारी समृद्ध पंजाबी संस्कृति को सहेजने का संदेश भी देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आज की युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति से धीरे-धीरे दूर होती जा रही है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने में मदद मिलती है। कभी केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित रहने वाला तीज पर्व अब शहरों में भी पूरे उत्साह के साथ मनाया जाने लगा है। इस मौके पर उपस्थित प्रीति, जसविंद्र कौर सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि पहले यह पर्व सावन के महीने में विवाहित महिलाएं मायके आकर मनाया करती थीं, लेकिन अब समय के साथ बदलाव आया है और महिलाएं अपने ससुराल में भी इस पर्व को पूरे हर्षोल्लास के साथ मना रही हैं।