बंगाणा (ऊना)। पुलिस थाना बंगाणा के तहत हटली में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार चालक महिला को 28.07 ग्राम नशीले पदार्थ (चिट्टा) के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस रजिस्टर करते हुए मामले की तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस की ओर से हटली में यातायात जांच के तहत नाकेबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर महिला घबरा गई। शक होने पर पुलिस कर्मचारियों ने महिला को रोका और तलाशी ली। पुलिस को कार से 28.07 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया। चिट्टा रखने के आरोप में पुलिस ने रेखा देवी निवासी हटली को गिरफ्तार किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना संजीव भाटिया ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही। महिला कहां से ड्रग्स लेकर आई और कहां लेकर जा रही थी इसको लेकर भी जल्द खुलासा किया जाएगा।