ऊना। संयुक्त पटवार एवं कानूनगो संघ ऊना की ओर से मांगों के समर्थन में संघर्ष का बिगुल बजा दिया गया है। अब 25 जुलाई यानि वीरवार से संघ के बैनर तले सभी पटवारी एवं कानूनगो कार्य बंद कर कार्यालयों की चाबियां अधिकारियों को सौंपेंगे। इस बात का ऐलान करते हुए बुधवार को संघ के अध्यक्ष रविंद्र शर्मा की अगुवाई में बुधवार को संघ का प्रतिनिधिमंडल एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर से मिला।
संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को पूरा न करने एवं सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए एक ज्ञापन सौंपा। संयुक्त पटवार एवं कानूनगो संघ ऊना के अध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने बताया कि महासंघ की राज्य स्तरीय बैठक कुल्लू में हुई है। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 24 जुलाई तक यदि सरकार ने पटवार एवं कानूनगो महासंघ की मांगों के प्रति गंभीरता न दिखाई, तो समस्त पटवारी एवं कानूनगो अतिरिक्त कार्यालयों का कार्य नहीं करेंगे।
ऐसे में संयुक्त पटवार एवं कानूनगो संघ ऊना वीरवार को संबंधित अधिकारी को कार्यालयों की चाबियां सौंप देंगे। रविंद्र शर्मा ने कहा कि हिमाचल की प्रदेश सरकार मांगों को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है। इससे कि संगठन ने यह सख्त निर्णय लिया है। इस अवसर पर महासचिव पवन कुमार, मुख्य सलाहकार अशोक शर्मा, वित्त सचिव विपन कुमार, सुभाष, बृज लाल, भुपेंद्र, सतीश कुमार, विक्की धीमान, प्रिया, मिनाक्षी, मीना आदि भी मौजूद रहे।
हरोली में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
दुलैहड (ऊना)। पटवारी एवं कानूनगो संघ हरोली के पदाधिकारी एसडीएम हरोली राजीव ठाकुर से मिले और हिमाचल प्रदेश सरकार के पटवारी एवं कानूनगो का कैडर जिला से स्टेट करने बारे एक ज्ञापन दिया। पटवारी एवं कानूनगो संघ हरोली के प्रधान कमल देव सचिव पंकज कुमार जिला कार्यकारिणी प्रधान रविंद्र शर्मा, पटवारी नेहा, अवतार सिंह व कानूनगो सूर्य प्रकाश ने महासंघ हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर हरोली उपमंडल में सभी ऑनलाइन कार्य बंद कर दिए हैं और जितने भी अतिरिक्त कार्यालयों का कार्यभार पटवारी एवं कानूनगो को दिया गया है, उनकी चाबियां भी 25 जुलाई को उच्च अधिकारियों को वापस सौंपी जाएंगी।
एडीसी ऊना को संयुक्त ग्रामीण राजस्व कानूनगो पटवार संघ के सदस्य मांग पत्र सोंपते हुए।संवाद