मंडियों में गेहूं की आवक अभी नहीं हो पाई शुरू
न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित
किसानों को गेहूं बेचने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला ऊना के रामपुर और टकारला केंद्रों पर गेहूं खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन मंडियों में गेहूं खरीद प्रक्रिया 15 जून तक चलेगी। कृषि उपज मंडी समिति ऊना के सचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि रामपुर और टकारला क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। गेहूं की सफाई के लिए मशीनों की मरम्मत भी करवा ली गई है, लेकिन अभी तक गेहूं की फसल तैयार नहीं हो पाई है। इस वर्ष गेहूं खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए www.hpappp.nic.in पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। टोकन बुक करने के उपरांत किसान अपने गेहूं को निर्धारित समय और तिथि के अनुसार इन मंडियों में बेच सकते हैं। मंडी में गेहूं की साफ-सफाई की सुविधा उपलब्ध होगी और इसके बाद फसल की गुणवत्ता जांच की जाएगी। गुणवत्ता जांच के बाद किसानों से गेहूं को सरकार की ओर से निर्धारित दरों पर खरीदा जाएगा। गेहूं खरीद का भुगतान किसान के बैंक खाते में 24 से 48 घंटों के भीतर किया जाएगा। वर्तमान में ऊना जिले में गेहूं की कटाई शुरू नहीं हुई है। इससे क्रय केंद्रों में फसल नहीं पहुंची। आने वाले कुछ दिन में बड़ी मात्रा में फसल केंद्रों तक पहुंचेगी।