नंगल। उपमंडल नंगल के गांव भलाण में शनिवार को अचानक गेहूं के खेतों में आग लग गई। आग से लगभग 10 एकड़ में तैयार गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। गांव के पूर्व सरपंच अमनदीप संजू ने कहा कि आग की इस घटना से किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है। किसान रणजीत सिंह की पांच एकड़, मधुसूदन दो एकड़, संजीव एक एकड़, शिव कुमार एक एकड़ जबकि प्रताप की ओर से ठेके पर ली गई नौ कनाल भूमि पर कटाई के लिए पूरी तरह तैयार हो चुकी गेहूं की फसल जल कर राख हुई। आज से पहले कभी इस तरह फसल का नुकसान आग लगने से नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आग लगने की जानकारी नंगल नगर कौंसिल के अग्निशमन विभाग को दी गई थी लेकिन जब तक वह नंगल से यहां पंहुचते, आग पर काबू पाया जा चुका था। उन्होंने सरकार से आग से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। संवाद