हरोली में 60 लाभार्थियों को वितरित किए सहायता राशि के चेक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के 60 लाभार्थियों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। घालूवाल में लाभार्थियों को चेक प्रदान करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की गरीबों, जरूरतमंदों और वंचित वर्गों के उत्थान की प्रतिबद्धता को दोहराया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। गरीबों और जरूरतमंदों का कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और इसी संकल्प के तहत यह सहायता राशि वितरित की गई है। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि सरकार हर वर्ग के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, एसडीएम विशाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।