युवाओं को जोड़ने के लिए युवा कांग्रेस शुरू करेगी विशेष अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला युवा कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रशांत राय ने की। जबकि, हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रभारी विनीत कंबोज विशेष रूप से इस मीटिंग में पहुंचे। बैठक के दौरान जिला प्रभारी ने जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए पार्टी की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनाई। जिला प्रभारी विनीत कंबोज ने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए जल्द ही रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस की विचारधारा के साथ अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए युवा कांग्रेस की ओर से विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जनता के साथ किए गए वायदे पूरे करने से केंद्र सरकार की ओर से रोका जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के जायज हक भी केंद्र सरकार जारी नहीं कर रही। जबकि दूसरी तरफ खुद केंद्र सरकार ने लोगों को वायदे करके ठगने का काम किया। जिसके चलते युवा कांग्रेस की ओर से प्रदेश के हर नागरिक को मोदी सरकार के झूठ से अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्रिहोत्री, प्रवक्ता शोभित गौतम, ऋषभ कोहल, शुभम जोशी, अभिषेक, गोल्डी सैणी, चांद ठाकुर, जगरूप सिंह, मुनीष बैंस, अंकुश, विशाल दीप, प्रिंस, विशाल राणा, शान ठाकुर, विक्की सैणी, रोहित कनव, प्रशिक्षित सहित अन्य उपस्थित रहे।