पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रधान संग विधायक के समक्ष उठाया मुद्दा
विधायक ने अधिकारियों से ली बारिश से हुए नुकसान की फीडबैक
बारिश के बीच किया प्रभावित कुठेड़ा बेला क्षेत्र का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र में बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया और अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया। इस दौरान ग्राम पंचायत कुठेड़ा खैरला की प्रधान शालिनी गोस्वामी ने अंब–ऊना रोड पर पड़ते वार्ड नंबर 8 और 9 के प्रतिनिधिमंडल के साथ बरसाती पानी की निकासी का मुद्दा उठाया। प्रधान ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण इन वार्डों में जलभराव की स्थिति बन रही है। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने से कई घरों में बरसाती पानी घुस रहा है, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने विधायक को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध करवाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तुरंत एक्शन लेते हुए अंब–ऊना रोड पर पड़ते कुठेड़ा खैरला का अधिकारियों के साथ मौके पर निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने विधायक को अवगत करवाया कि हर साल बरसात के मौसम में उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है। हाईवे के नीचे बनी पुलियां बंद होने के कारण भारी बरसात में अंब और औद्योगिक क्षेत्र का सारा पानी कुठेड़ा खैरला की आबादी में घुस जाता है, जिससे हर बार नुकसान होता है। विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को फौरी तौर पर बरसाती पानी की निकासी का उचित प्रबंध करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आगामी दिनों में समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने की बात भी कही, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानियों से न जूझना पड़े।