1677.09 फीट रह गया भाखड़ा डैम का जलस्तर, खतरे के निशान से तीन फीट कम
जलस्तर घटने से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उतरने लगा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। सतलुज नदी किनारे बसे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए राहत की खबर है। हिमाचल में मौसम साफ होने से भाखड़ा डैम के पीछे गोबिंद सागर झील का जलस्तर घटकर 1677.09 फीट हो गया, जो खतरे के निशान से तीन फीट कम है। बुधवार को जलस्तर में करीब तीन फीट की गिरावट दर्ज की गई और फ्लड गेटों को 10 फीट से घटाकर चार फीट किया गया। भाखड़ा डैम से नंगल डैम के लिए 50 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया, जिसमें नंगल हाइडल नहर और श्री आनंदपुर साहिब हाइडल नहर को 9000-9000 क्यूसिक तथा सतलुज नदी में 32 हजार क्यूसिक पानी गया। जलस्तर घटने से नंगल उपमंडल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी उतरना शुरू हो गया है।