शिवबाड़ी के समीप खड्ड में फंसे दो बछड़ों का प्रशासन ने किया रेस्क्यू
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। गगरेट विस क्षेत्र के कलोह बेली में प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों में पानी घुसने से उनका राशन व सामान खराब हो गया। प्रशासन ने उन्हें तुरंत राहत सामग्री व रैन बसेरा गगरेट में अस्थायी छत उपलब्ध करवाई। तेज बहाव में शिवबाड़ी के पास दो बछड़े फंस गए जिन्हें एसडीएम सौमिल गौतम ने फायर ब्रिगेड की मदद से सुरक्षित निकालकर चिंतपूर्णी गोशाला में पहुंचाया। विधानसभा सत्र के चलते विधायक राकेश कालिया शिमला में रहते हुए भी प्रशासन से लगातार संपर्क में रहे और पीडब्ल्यूडी को सड़कों की बहाली के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री को भी स्थिति से अवगत करवाया। उनकी अनुपस्थिति में बेटे सोहराव कालिया ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। एसडीएम सौमिल गौतम ने कहा कि बरसात से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों के पास न जाएं।