नंगल वैनर पकड़ धरन्ने पर बैठे कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल व अन्य।संवाद
- फोटो : संवाद
पंजाब सरकार के कई अन्य मंत्री और विधायक भी रहे मौजूद
हरियाणा को 8500 क्यूसिक अतिरिक्त पानी देने का मुद्दा गर्माया
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। हरियाणा को 8500 क्यूसिक अतिरिक्त पानी देने के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से 30 अप्रैल से नंगल डैम पर शुरू किया गया प्रदर्शन लगातार जारी है। इस प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए पंजाब के विद्युत मंत्री हरभजन सिंह, लालजीत सिंह भुल्लर के अलावा कई विधायक, विभिन्न विभागों के अध्यक्षों सहित पार्टी के कई पदाधिकारी बुधवार को हिस्सा लेने पहुंचे। सभी ने एक स्वर में हरियाणा को अतिरिक्त पानी देने से साफ शब्दों में मना कर दिया। पंजाब के परिवहन और जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर भी प्रदर्शन को समर्थन देने नंगल डैम पंहुचे। कहा कि प्रदेशवासियों ने अपनी जमीन से विभिन्न डैमों व नहरों का निर्माण करवा अन्य प्रदेशों को निशुल्क पानी उपलब्ध करवाया। लेकिन, प्रदेशवासी आज भी अपनी फसलों के लिए भूमिगत पानी का प्रयोग कर रहे हैं। अब ऐसा नहीं होगा और प्रदेश के डैमों व नहरों पर पंजाब का पहला अधिकार है। बीबीएमबी पर 60 प्रतिशत तक का अधिकार होने के बावजूद प्रबंधन केंद्र के इशारे पर काम कर रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारत-पाकिस्तान में पैदा हुए तनाव के चलते राजस्थान में बड़ी संख्या में सैनिक तैनात थे और मानवता के आधार पर हमने राजस्थान को 4 हजार क्यूसिक अतिरिक्त पानी मुहैया करवाया। अगर जोर जबरदस्ती की तो पंजाब झुकने वाला नहीं। सदस्यों ने कहा कि किसानों को बिजली भी निशुल्क देनी पड़ती है। अब पंजाब भी अपने किसानों को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध करवाएगा। पंजाब सरकार ने 4500 करोड़ से अधिक पैसा खर्च किया गया है।