मोटर पंप को चलाने के लिए 415 वोल्ट की आवश्यकता, मौजूदा समय में केवल 362 वोल्ट ही उपलब्ध
थानाकलां और मैहतपुर मंडलों की आपसी तालमेल की कमी का खामियाजा भुगत रही जनता
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ क्षेत्र की रामगढ़ धार पंचायत में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या से अब जल संकट ने गंभीर रूप धारण कर लिया है। थानाकलां जल शक्ति मंडल के सहायक अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि सतलुज से पानी उठाने के लिए लगाए गए मोटर पंप को सुचारु रूप से चलाने के लिए 415 वोल्ट की आवश्यकता होती है, जबकि मौजूदा समय में केवल 362 वोल्ट ही उपलब्ध हो पाते हैं। इससे मोटर पंप पूरी क्षमता से नहीं चल पा रहे और परिणामस्वरूप पानी की आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। वहीं, सहायक अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि पानी की सप्लाई की व्यवस्था सतलुज नदी से की गई है। पंपिंग स्टेशन पर लगे मोटर पंपों को चलाने के लिए न्यूनतम 415 वोल्ट की आवश्यकता होती है, परंतु लंबे समय से यहां वोल्टेज 362 तक ही सीमित रह जाती है। ऐसे में पंप पूरी तरह नहीं चल पाते और पानी की आपूर्ति बाधित हो जाती है। रामगढ़ धार की यह समस्या सिर्फ तकनीकी ही नहीं बल्कि प्रशासनिक उपेक्षा का उदाहरण भी बनती जा रही है। यहां की पानी की लाइनें थानाकलां और मैहतपुर विद्युत मंडल के अंतर्गत आती हैं। दोनों ही विद्युत मंडलों की आपसी तालमेल की कमी का खामियाजा गांव वालों को भुगतना पड़ रहा है। दोनों ही मंडल समस्या का हल करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे, जिससे ग्रामीणों में रोष है। कम वोल्टेज की यह गंभीर समस्या कोई नई नहीं है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार जनहित में कार्य कर रही है और क्षेत्र की आधारभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रामगढ़ धार की बिजली आपूर्ति को स्थायी रूप से बेहतर बनाने के लिए कार्य जल्द शुरू होगा और क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलेगी।