अंब (ऊना)। क्षेत्र के तहत पड़ती ग्राम पंचायत में सार्वजनिक शौचालय निर्माण में अनियमितता के आरोप में वार्ड पंच को निलंबित किया गया है। जबकि, कुछ अन्य लोगों के विरुद्ध विभागीय जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक शौचालय बनाया गया था। इसकी लागत लगभग दो लाख दस हजार रुपये थी। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण की तरफ से पंचायती राज विभाग को अगस्त 2023 में शिकायत की गई थी कि यह शौचालय वार्ड पंच ने अपनी निजी भूमि पर बनवा लिया है। इस संबंध में विभागीय जांच में पाया गया कि निर्माण में अनियमितता पाई गई है। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उपायुक्त ऊना ने संबंधित वार्ड पंच को निलंबित कर दिया। इस संबंध में जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार का कहना है कि जांच में अनियमितता पाए जाने पर वार्ड पंच को निलंबित किया गया है। जबकि, मामले से संबंधित अन्य लोगों के विरुद्ध भी विभागीय जांच चल रही है। संवाद