संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन स्वयंसेवियों ने सुबह के सत्र में स्वच्छता रैली निकाली। सिद्ध बाबा पिंडी दास के आश्रम तक नारों के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहां पर स्वयंसेवियों ने पौधारोपण किया तथा समस्त आश्रम परिसर की साफ-सफाई कर संवारा। आश्रम में स्वयंसेवियों ने भजन कीर्तन के साथ बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। दूसरे सत्र में स्थानीय खंड विकास अधिकारी ओमपाल डोगरा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। मुख्य वक्ता ने सभी स्वयंसेवियों को विभाग से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की और सभी को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बीपीएल सूची के चयन प्रक्रिया के बारे में बताया कि उसमें वे परिवार शामिल नहीं होंगे, जिनके पास मोटर युक्त वाहन है। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सुखदेव व डॉ. कुमारी सुजाता ने मुख्य वक्ता का आभार प्रकट किया।