बंगाणा (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर मैदान (कुटलैहड़ विरासत) में चल रहे एनएसएस शिविर के चौथे दिन विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुरेश कुमार चौधरी ने की, जबकि एनएसएस प्रभारी पवन कुमार और सह प्रभारी शोभा रानी ने पूरे कार्यक्रम का संचालन किया। सुबह पांच बजे स्वयंसेवियों ने स्कूल परिसर से रायपुर मैदान मेन बाजार तक प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान उन्होंने धार्मिक गीतों से लोगों को जागरूक किया। प्रभात फेरी के बाद स्कूल मैदान में योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेवियों ने शारीरिक स्वास्थ्य के लिए विभिन्न योगासन सीखे। सुबह के बौद्धिक सत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता ने स्वयंसेवियों को जीवन में शिक्षा के महत्व और सफलता के लिए उपयोगी जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि पढ़ाई-लिखाई जीवन में आगे बढ़ने की नींव है।दोपहर के सत्र में पंजाब पीएसीएल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सह प्रबंधक विरेंद्र पाल ने भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायक और उपयोगी जानकारी दी। दोपहर बाद स्वयंसेवियों ने मेन बाजार से लेकर स्कूल परिसर तक आने-जाने वाले रास्तों की सफाई अभियान चलाया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार चौधरी, एनएसएस प्रभारी पवन कुमार, सह प्रभारी शोभा रानी, अन्य स्टाफ सदस्य तथा स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।