बड़ूही (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समर्पित स्वयंसेवक अंकित कुमार का चयन प्री-रिपब्लिक डे परेड 2026 के लिए होने वाले राज्य स्तरीय चयन शिविर के लिए हुआ है। एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए यह शिविर एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां विद्यार्थी अपनी नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक सेवा के प्रति समर्पण का परिचय देते हैं। शिविर में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को आगे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर प्राप्त होता है। अंकित कुमार ने महाविद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियों, जागरुकता अभियान, स्वच्छता अभियान एवं पौधरोपण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई है। उनकी सतत लग्न, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन ने उन्हें यह उपलब्धि दिलाई है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम सिंह, प्रो. कविता कोशल, डॉ. राम कुमार नेगी, डॉ. शगुन डोगरा एवं प्रो. नवीन शर्मा ने अंकित कुमार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।