नंदपुर (ऊना)। स्वां नदी में कथित खनन और ओवरलोड टिपरों की आवाजाही से परेशान चुरूडू गांव के लोगों ने अब इसके खिलाफ मोर्चा खोलने का फैसला लिया है। स्थानीय निवासी स्वर्ण सिंह ने क्रशर संचालकों और प्रशासन को दोटूक चेतावनी देते हुए कहा कि गांव से अब ओवरलोड टिपरों को गुजरने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण अंडरलोड वाहनों की आवाजाही का विरोध नहीं करेंगे, लेकिन ओवरलोड वाहनों के खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई करेंगे। ग्रामीणों ने इस मामले में क्रशर संचालकों को नोटिस जारी कर पंचायत में तलब करने की तैयारी की है। ग्रामीणों में विवेक कुमार, प्रवीण, गोपाल, विजय कुमार, अजय, रजत कुमार का कहना है कि ओवरलोड टिपरों की लगातार आवाजाही से गांव की छोटी सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सुबह के समय लगने वाले जाम में स्कूल बसें और बच्चे फंस जाते हैं। टूटी सड़कों से उड़ने वाली धूल घरों तक पहुंच रही है। स्वर्ण सिंह बंटू ने बताया कि इस समस्या को स्थानीय विधायक और पुलिस अधीक्षक के समक्ष भी मामला उठाया जा चुका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि टिपरों की आवाजाही के लिए समय निर्धारित किया जाए ताकि स्कूली बच्चों और आम लोगों को परेशानी न हो।