ग्राम पंचायत बेहड़ जस्वां के कार्यालय के बाहर बांधा गया गोवंश। संवाद
चक्क गांव में बेसहारा पशुओं से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। अंब की बेहड जसवां पंचायत के गांव चक्क में रविवार को बेसहारा गोवंश से फसल बर्बादी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मक्की की फसल चौपट होने से नाराज ग्रामीणों ने पशुओं को पकड़कर पंचायत भवन में बांध दिया और समाधान की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि लोग गायों को घर में रखते हैं, लेकिन उनके बछड़ों को खुले में छोड़ देते हैं, जो फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों ने पंचायत पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो पशुओं को जिला प्रशासन कार्यालय के बाहर बांध दिया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि गोशालाएं प्रति पशु 2100 से 3100 रुपये तक की मांग करती हैं, जो गरीब किसानों के लिए संभव नहीं है। पंचायत प्रधान नीलम कुमारी ने कहा कि पशुओं को गोशाला भिजवाने के लिए संबंधित विभाग से संपर्क किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।