नंगल। उपमंडल नंगल के गांव सुखसाल में सोमवार देर रात एक टिपर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत के मामले में लगाया गया धरना बुधवार को ग्रामीणों ने समाप्त कर दिया। धरना खत्म होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। इस बारे में जानकारी देते हुए एडवोकेट विशाल सैनी ने कहा कि तहसीलदार संदीप कुमार, डीएसपी ट्रैफिक और परिवारिक सदस्यों की बीच हुए समझौते में मृतक परिवार को प्रशासन की और से दो लाख और परिवार के एक सदस्य को नंगल नगर कौंसिल में नौकरी देने का वादा किया है।
इसके अलावा अलावा इंश्योरेंस क्लेम से मिलने वाली राशि और घायल युवक को 50 हजार रुपये के अलावा पूरा उपचार करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही पुलिस ने जिन लोगों को राउंडअप किया था उसे भी छोड़ने की बात कही गई। इसके अलावा जिला पुलिस के प्रभारी से लेकर पुलिस जवान, महिला पुलिस की कांस्टेबल और होमगार्ड के जवान भी घायल व्यक्ति की मदद को आगे आए। जवानों ने अपनी अपनी जेब से यथा संभव रुपये इक्ट्ठे कर घायल युवक के परिवार को दिए।
जिला पुलिस प्रमुख विवेकशील सोनी ने खुद अपनी देखरेख में घायल युवक का उपचार करवाने की जिम्मेदारी उठाई। इसके अलावा घायल युवक के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिलाया।