30 सितंबर से 31 जुलाई 2025 तक बंद रहेगी आवाजाही, मलाहत रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण कार्य होगा शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना से मलाहत होते हुए पीर निगाह एवं बीहड़ू जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों के चालक ध्यान दें... इस मार्ग पर करीब दस माह वाहनों का आवागमन 30 सितंबर से बंद कर दिया गया है।
स्थानीय एनएच 503ए पर स्थित रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण के चलते छोटे से लेकर बड़े वाहनों का रूट वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। इसके लिए उपायुक्त ऊना जतिन लाल की ओर से बकायदा जनहित में सूचना जारी कर दी गई है। सूचना के अनुसार ऊना पीर निगाह रोड पर इस 30 सितंबर से लेकर 31 जुलाई 2025 तक यातायात बंद रहेगा। उधर, मलाहत रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाने के लिए हरियाणा के किसान कंस्ट्रक्शन कंपनी ने मोर्चा संभाल लिया है। कंपनी की ओर से भी इस निर्माण कार्य के मद्देनजर जगह-जगह सूचना बोर्ड लोगों की जानकारी के लिए लगाए गए हैं। बता दें कि रेलवे क्रॉसिंग पर लगभग 21 मीटर चौड़े एवं 410 मीटर लंबे अंडरपास को टू लेन बॉक्स में बनाया जाएगा। इस पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां ऊना से होकर पीर निगाह, तलाई आदि की ओर जाने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्ट करने के दिशा-निर्देश अब प्रशासन ने जारी कर दिए हैं।
इससे पूर्व रेलवे बोर्ड एवं प्रशासनिक स्तर पर अंडरपास को लेकर औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। बकायदा रूट डायवर्ट करने को लेकर दोनों संस्थाओं के बीच संवाद में सब कुछ तय हो गया है। यहां अंडरपास बनने के बाद छोटे-बड़े वाहनों के फाटक पर ट्रेन गुजरने पर आगे बढ़ने के इंतजार से मुक्ति मिलेगी। निर्माणाधीन पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का आवागमन भी सुखद होगा, लेकिन उससे पूर्व इस सुविधा के लिए वाहन चालकों एवं लोगों को अभी अगले अगस्त तक इंतजार करना होगा।
इस प्रकार रहेगी वाहनों के आवागमन की व्यवस्था
मलाहत-पीरनिगाह मार्ग पर अंडरपास निर्माण के चलते 30 सितंबर से लेकर 31 जुलाई 2025 तक संभावित रूट डायवर्ट किया गया है। इससे अब विभिन्न प्रकार के वाहन चालकों में दोपहिया एवं लाइट मोटरव्हीकल के लिए भड़ौलियां से मलाहत संपर्क मार्ग, रक्कड़ से बसोली, पीर निगाह ऊना मैहतपुर को जुड़ने वाले संपर्क मार्ग पर लाइट एवं मीडियम श्रेणी के वाहन, जबकि चताड़ा से बसोली एवं ऊना पीर निगाह मार्ग पर सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहन आवागमन कर सकेंगे।
-
अंडरपास का निर्माण कार्य लगभग शुरू हो चुका है, इसलिए ऊना-मलाहत पीर निगाह पर वाहनों का आवागमन 30 सितंबर के बाद प्रभावित होगा। इसके लिए उपायुक्त की ओर से सूचना भी जारी कर दी गई है।
-इंजी. राजेश शर्मा, एसडीओ, एनएच, विंग लोनिवि