यातायात को पिपलू से भिआम्बी वाया चुकानी वैकल्पिक मार्ग पर मोड़ा
सड़क के सुधारीकरण से यातायात व्यवस्था में होगा सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। भिआम्बी-पिपलू बड़सर सड़क के सुधारीकरण कार्य के चलते इस मार्ग पर यातायात दो माह के लिए बंद कर दिया है। इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही पहली फरवरी से 31 मार्च, 2025 तक बंद रहेगी। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी जतिन लाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 116 के तहत इस संदर्भ में आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि यह आदेश सड़क मार्ग के अपग्रेडेशन कार्य को त्वरित और सुचारु रूप से करने को लेकर जारी किए गए हैं। इस अवधि के दौरान यातायात को लिंक रोड पिपलू से भिआम्बी वाया चुकानी वैकल्पिक मार्ग पर मोड़ा गया है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क बंद करने को लेकर जनता को सूचित करने और मार्ग परिवर्तन की जानकारी देने के लिए अग्रिम बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। इस मार्ग के अपग्रेडेशन का कार्य शुरू होने से जहां वाहन चालकों को राहत मिलेगी वहीं इस सड़क की चौड़ाई बढ़ने से पिपलू मेले में आने जाने वाले भक्तजनों को मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा। पहले तीन दिन चलने वाले मेले में जाम लगने से प्रशासन सहित आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।