ऊना। धुंध और घने कोहरे के चलते रेल यातायात सीधे तौर पर प्रभावित होकर रह गया है। सोमवार को उत्तरी भारत के विभिन्न क्षेत्रों में घनी धुंध के चलते जहां हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ से होकर ऊना पहुंचने वाली वंदे भारत अपने तय समय से एक घंटा देरी से पहुंची है, तो वहीं दूसरी ओर साबरमती एक्सप्रेस भी तय समय सारणी से 50 मिनट देरी से पहुंची है। ट्रेनों के देरी से ऊना रेलवे स्टेशन में पहुंचने की सूरत में यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है और आगे अपने-अपने गंतव्य की ओर पहुंचने में भी देरी हुई है। यहां पहुंचने पर राहुल, विवेक, चंद्रशेखर, विक्रम, सूरजमणि का कहना है कि सुबह के समय घनी धुंध के चलते ट्रेन का सफर बाधित हो रहा है और लोकल रेलवे स्टेशनों पर सिग्नल भी दिखाई न देने की सूरत में ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। जिसके चलते धुंध के प्रकोप से ट्रेनों की रफ्तार थमने से ट्रेन रेलवे स्टेशन ऊना में देरी से पहुंची है। धुंध का ऐसे ही कहर जारी रहा तो आने वाले दिनों में भी यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।