ऊना में पशु कल्याण दिवस पर मेगा पशु चिकित्सा शिविर लगाया
शिविर में 60 पशुपालकों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पशु कल्याण दिवस पर बहुआयामी पशु चिकित्सालय ललड़ी में पशुपालन विभाग ऊना के उपनिदेशक डॉ. वीरेंद्र पत्याल के मार्गदर्शन में मेगा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 60 पशुपालक शामिल हुए। शिविर में विशेषज्ञों ने छोटे कट्टी-बछियों के सही लालन-पालन, गर्भावस्था के दौरान पशुओं की देखभाल, उच्च नस्ल के चयन, समय पर टीकाकरण, बांझपन के कारण व उपचार तथा आम बीमारियों की पहचान व रोकथाम पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही लावारिस पशुओं की समस्या के व्यावहारिक समाधान पर भी चर्चा हुई। इस दौरान डॉ. मनोज शर्मा, डॉ. नवनीत शर्मा, डॉ. मोनिका ठाकुर, रीमा रानी (पशु औषधि योजक), सौरव सिंह, सुनंदा शर्मा और अन्य पशुपालन सहायक विकास स्टाफ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ युवाओं के लिए लाभकारी स्वरोजगार का अवसर प्रदान करता है। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से प्राप्त मार्गदर्शन को अपने दैनिक पशुपालन कार्यों में लागू करने का संकल्प लिया। शिविर के समापन पर सभी पशुपालकों को मुफ्त टॉनिक एवं औषधियां वितरित की गईं।