ऊना। स्थानीय अरविंद मार्ग का खेल मैदान वाहनों की पार्किंग का अड्डा बन चुका है। खेल गतिविधियों के विस्तार की बजाए यहां पर दिन-प्रतिदिन निजी गाड़ियों के खड़े होने की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। इससे यहां सुबह एवं शाम या फिर छुट्टी के दिन खेलने के लिए आने वाले खिलाड़ियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी बात यह है कि निजी गाड़ियों के खड़े होने की प्रक्रिया का विरोध कोई नहीं कर रहा है। यहां स्कूल प्रबंधन इस दिशा में चुप्पी साधे बैठा है, तो नगर परिषद भी इसके लिए कोई राहत भरा कदम नहीं उठा पाया है। ऊपर से क्रिकेट खेलने के लिए आने वाले खिलाड़ियों को भी हर समय गाड़ी में गेंद लगने का डर सताता है। काफी समय से बरकरार इस अवैध पार्किंग से खेल मैदान में खिलाड़ियों का खेल बिगड़ रहा है। कई बार मौखिक रूप से स्थानीय बुद्धिजीवियों की ओर से इस बात को उठाया गया, लेकिन किसी ओर से समाधान की आस नहीं दिखाई दी। स्थानीय लोगों सहित खिलाड़ियों में शिवम, नरेश, लक्की, कमल, नरेश ने बताया कि गाड़ियों का खड़ा होना मैदान के लिए सहीं नहीं है। इस दिशा में संबंधित जिम्मेदार संस्था को समाधान का प्रयास करना चाहिए। मैदान में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास हों। उधर, रावमा बाल पाठशाला ऊना प्रिंसिपल सुरेंद्र कौंडल ने बताया कि इस दिशा में जल्द ही जनहित के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।