जिले में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 20 डिग्री सेल्सियस का अंतर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अगर आप रात के समय जिले में या बाहर सफर पर जा रहे हैं तो गर्म कपड़े पहनकर ही निकलें। इस समय जिले में दिन और रात के तापमान में लगभग 20 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। गर्म और सर्द हवा लगने से बीमार होने का खतरा भी बढ़ जाता है। जिले में दिन में गर्मी जबकि रात में ठंड का एहसास हो रहा है। बुधवार को जिले में दूसरी बार न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। दिन का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा और दिन में धूप खिली रही। मौसम विभाग ऊना के अनुसार 15 अक्तूबर तक मौसम साफ रहेगा और इस दौरान दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग, शिमला के बुलेटिन के अनुसार वीरवार को ऊना जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। न्यूनतम तापमान की तुलना में ऊना जिले में 11.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जबकि कांगड़ा जिले में 12.9 डिग्री और मंडी शहर में 13.1 डिग्री दर्ज किया गया। इस माह के नौ दिनों में जिले में कुल 83.1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो औसतन 9.3 मिमी से 794 प्रतिशत अधिक है।