टेंपो ट्रैवलर सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों के साथ विद्यार्थी भी होंगे लाभान्वित
लड्डू बांटकर मनाई खुशी, क्षेत्रवासियों के चेहरे खिले
संवाद न्यूज एजेंसी
दुलैहड़ (ऊना)। क्षेत्र में ऊना से रामपुर पुल होते हुए वाया हरोली दुलैहड़ और झुग्गी क्षेत्रों के लिए शनिवार को एचआरटीसी की टेंपो ट्रैवलर सुविधा शुरु हो गई। इस टेंपो ट्रेवलर सेवा को पंजाब क्षेत्र के बीटन कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की टेंपो ट्रेवलर ऊना से रामपुर पुल होते हुए होरोली पहुंचेगी। इसके बाद बालीवाल वाया जननी होते हुए दुलैहड़, गोंदपुर, मदवानी, झुग्गी जाएगी। पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों से कई बच्चे बीटन कॉलेज में पढ़ाई करने आते है। उनके लिए टेंपो ट्रैवलर का रूट काफी सुविधाजनक रहेगा। शनिवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश धीमान ने जननी से टेंपो ट्रेवलर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हरोली क्षेत्र में टेंपो ट्रैवलर की सुविधा शुरू होने से क्षेत्रवासियों के चेहरे खिल गए हैं। उन्होंने लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश धीमान ने बताया कि हरोली के कई क्षेत्रों में बस की सुविधा नहीं थी। ऐसे में उन क्षेत्रों में परिवहन विभाग द्वारा टेंपो ट्रैवलर की सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि तीन रूटों पर शुरू की गई टेंपो ट्रैवलर के दो रूट ऊना से प्रदेश के सबसे लंबे पुल रामपुर से होते हुए दुलैहड़ और जननी पहुंचेगे। उन्होंने बताया कि टेंपो ट्रैवलर की समयसारिणी बसों से अलग हैं। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। स्थानीय लोगों ने सेवा के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार जताया। इस मौके पर हरोली युवा कांग्रेस के प्रधान प्रशांत राय, जिला परिषद नरेश कुमारी, आरएम ऊना और अड्डा इंचार्ज सतपाल चार्ज मौजूद रहे।