पैदल चोरी का सामान लेकर बंगाणा बस अड्डे तक पहुंचा था आरोपी, पुलिस ने शुरू की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। बंगाणा बाजार के होटल से दो लाख रुपये की एलईडी और बेडशीट चोरी के मामले में पुलिस के हाथ कई अहम सबूत लगे हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी होटल से चोरी करने के बाद बस में सवार होकर फरार हो गया था। आरोपी होटल से बंगाणा बस अड्डे तक चोरी का सामान उठाकर अपने साथ ले गया। यहां से बस में सवार होकर ऊना की ओर भाग निकला। पुलिस अब ऊना बस अड्डे और उक्त रूट में लगे सीसीटीवी की जांच में जुटी है। एसएचओ बंगाणा रवि कुमार की टीम ने मामले को लेकर रविवार को होटल में जांच पड़ताल की। इस दौरान पुलिस को आरोपी से जुड़ी कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी उनकी गिरफ्त में होगा। ध्यान रहे कि बंगाणा बाजार के होटल में हेयर मोहम्मद निवासी गांव कटका, डाकखाना दातागंज, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश ने फिल्मी अंदाज में चोरी को अंजाम दिया। आरोपी ने होटल के आठ कमरे बुक करवाकर यहां लगी आठ एलईडी चोरी कर ली और फरार हो गया। आरोपी सभी कमरों की बेड शीट पर भी हाथ साफ कर गया। होटल के मालिक विशाल भारती शर्मा ने बताया कि कमरे बुक करवाने के बाउ आदमी एक कमरे में चला गया और अपने साथियों को कुछ समय के बाद आने के लिए कहा। होटल के कर्मी भी रात होने की वजह से सोने चले गए और बाकी कमरों की चाबी उक्त व्यक्ति को थमा दी। सुबह होने पर होटल कर्मी चाय नाश्ते को पूछने के लिए आरोपी के कमरे में गए तो दरवाजा खुला मिला और आरोपी गायब था। जब दीवार पर नजर गई तो एलईडी भी गायब थी। अन्य कमरों की जांच करने पर सभी कमरों से एलईडी गायब मिलीं। होटल की सीसीटीवी फुटेज को जब खंगाला गया तो उसमें उक्त व्यक्ति को चोरी का सामान लेकर फरार होते देखा गया। डीएसपी हेडक्वार्टर अजय ठाकुर ने बताया कि पुलिस जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।