अंब (ऊना)। कटौहड़ खुर्द में शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए मौके पर पुलिस भी मौजूद रही। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में शराब का ठेका खुलने से माहौल खराब होगा।
स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान आशा देवी का कहना है कि अंब-ऊना रोड पर पक्का परोह में जहां ठेका खोला गया है, वहां पास में ही शनिदेव का मंदिर है। यहां ग्रामीणों का आना-जाना लगा रहता है और पास ही जिम भी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अक्सर नशे के हालात में कई युवा देखे जाते हैं। उनके क्षेत्र में पहले भी कोई शराब का ठेका नहीं है और वह अपने क्षेत्र में शराब का ठेका नहीं खुलने देना चाहते हैं। वह इसका पुरजोर विरोध करते हैं। संवाद