ऊना। राजकीय कॉलेज ऊना के परिसर में 11.92 करोड़ रुपये से दो ब्लॉक वाला बहुउद्देशीय भवन बन रहा है। भवन के दोनों ब्लॉकों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। दो माह के भीतर काम पूरा हो जाएगा। भवन के बनने से कॉलेज में पढ़ रहे हजारों विद्यार्थियों केे बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी।
भवन का ए ब्लॉक पांच और बी ब्लॉक चार मंजिला है। इस भवन का शिलान्यास नवंबर 2020 में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया था। दो साल में दोनों ब्लॉक लगभग बनकर तैयार है। जिले के सबसे बड़े कॉलेज में अब विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए नए क्लास और थियेटर रूम मिलेंगे। ऊना कॉलेज में पढ़ने के लिए जिलेभर से विद्यार्थी पहुंचते हैं।
कॉलेज में क्लास रूम की कमी को यह भवन दूर करेगा। कॉलेज में इस स्नातक और स्नातकोत्तर कई कोर्स चल रहे है। इस कारण दूसरे कॉलेजों के मुकाबले यहां अधिक संख्या में विद्यार्थी हैं। कॉलेज में करीब 4000 विद्यार्थियों की संख्या है।
उधर, कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. सतदेव भारद्वाज ने बताया कि दो ब्लॉक वाले भवन का निर्माण कार्य जारी है। इससे विद्यार्थियों को सुविधा होगी। कॉलेज के संचालन में प्रबंधन को भी सहायता मिलेगी। वहीं, निर्माण कार्य कर रही एजेंसी एचपीएसआईडीसी के एसडीओ सुरेंद्र कतना ने बताया कि 11.92 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट को लगभग पूरा कर लिया गया है। दो माह के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
बॉकस
ए ब्लॉक में रहेंगी यह सुविधाएं
ए ब्लॉक के बेसमेंट में म्यूजिक हॉल, स्टॉफ रूम और स्टोर उपलब्ध रहेगा। अन्य चार मंजिल में हर मंजिल में दो-दो क्लास रूम होंगे। इस तहर चार मंजिल में कुल आठ क्लास रूम रहेंगे। हर मंजिल पर प्राध्यापकों के लिए फैकल्टी रूम शौचालय के साथ होगा। हर मंजिल पर विद्यार्थियों के लिए महिला व पुरुष शौचालय होंगे।
बॉक्स
बी ब्लॉक में रहेंगी यह सुविधाएं
बी ब्लॉक में हर मंजिल पर दो लेक्चर थियेटर होंगे। चार मंजिल में कुल आठ लेक्चर थियेटर होंगे। हर मंजिल पर फैकल्टी रूम शौचालय के साथ होगा। जबकि, हर मंजिल पर ही विद्यार्थियों के लिए महिला और पुरुष शौचालय का प्रावधान रहेगा।
बॉक्स
यह सुविधाएं भी मिलेंगी
भवन के बाहर 400 विद्यार्थियों को बैठने के लिए सीटिंग टायर बनाई जा रही है। इससे विद्यार्थियों केे बैठने के लिए दूर नहीं जाना होगा। भवन के आसपास बेहतरीन सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इसके साथ परिसर में सौंदर्यीकरण कार्य भी किया जाएगा। कॉलेज परिसर के मैदान में कबड्डी, टेनिस और बैडमिंटन के लिए कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। खेल में रुचि रखने वाले विद्यार्थी यहां अपना हुनर दिखा पाएंगे।
बॉक्स
नाले का होगा चैनलाइजेशन
कॉलेज परिसर में बहने वाले नाले का चैनलाइजेशन होगा। सारा पानी भूमिगत होते हुए मुख्य नाले में मिलेगा। इससे कॉलेज परिसर में जल भराव की समस्या का समाधान हो जाएगा।
कोट्स
शिक्षा के क्षेत्र में मूलभूत संरचना को प्रदेश सरकार मजबूत कर रही है। ऊना सदर विस क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों को मजबूत करने के लिए कई विकास कार्य चल रहे हैं। ऊना कॉलेज में बन रहा भवन मील का पत्थर साबित होगा। भवन बनने से विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।
-सतपाल सिंह सत्ती
अध्यक्ष, छठा राज्य वित्तायोग