नंगल। नंगल पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में गिरोह के दो सदस्यों पकड़नक में कामयाबी हासिल की है। आरोपियों से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। चोर गिरोह ने बाइकों को अलग-अलग जगह छिपाकर रखा था।
आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किए बाइकों की नंबर प्लेट भी गायब पाई गई। इसको लेकर आयोजित पत्रकारवार्ता में डीएसपी सतीश कुमार ने कहा कि पुलिस ने संदिग्ध लोगों की धरपकड़ के लिए एमपी कोठी क्षेत्र में नाका लगाया। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल के चालक राम कुमार निवासी मोहल्ला शहीद भगत सिंह को रोककर कागजात की मांग की गई।
वह बाइक के कागजात नहीं दिखा पाया। जब उसे थाने लाकर गहनता से पूछताछ की गई तो उसने माना की यह मोटरसाइकिल चोरी का है। उसका एक और साथी विक्कू बेदी निवासी इंदिरा भी उसके साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विक्कू बेदी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ की गई तो इनकी निशानदेही पर पांच बाइक बरामद किए गए।
पुलिस को शक है कि गिरोह ने कई और वारदातों को अंजाम दिया होगा। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त कर इसको गहनता से पूछताछ की जाएगी। इस मौके पर थाना प्रभारी सब इंसपेक्टर दानिशवीर सिंह, मुंशी एएसआई गुरमेल सिंह, एएसआई प्रीतम सिंह, हवलदार दविंद्र सिंह और मनीष सहित अन्य मौजूद रहे।