चिंतपूर्णी/भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ सोमवार को भी देखने को मिली। शाम छह बजे तक श्रद्धालुओं की लाइनें पुराने बस स्टैंड तक लगी रहीं। पूरा दिन मंदिर परिसर से लेकर बाजार और सड़कों पर श्रद्धालुओं से रौनक बनी रही।
मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए होमगार्ड जवान और पुजारी भी पूरा सहयोग करते नजर आए। चैत्र नवरात्र समाप्त होने के बाद लगातार चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं का आना जारी है। श्रद्धालु मंदिर कपाट खुलने के साथ ही दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही दर्ज की जा रही है।
खराब मौसम के बीच भी श्रद्धालु लगातार मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की चहलकदमी से चिंतपूर्णी में रौनक लगी हुई हैं। वहीं, मंदिर प्रशासन भी व्यवस्थाएं चौकस रखने के लिए मुस्तैद नजर आ रहा है। पिछले शक्रवार, शनिवार और रविवार की ही बात की जाए तो इस दौरान बड़ी ज्यादा संख्या में श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचे हैं। इन तीन दिनों में ही 70,000 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई है। इन तीन दिन में ही मंदिर न्यास को 39.17 लाख रुपये नकद चढ़ावा मिला है।
मंदिर अधिकारी बलवंत पटियाल ने बताया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। जरूरतमंदों को लिफ्ट के जरिये माता रानी के दर्शनों के लिए भेजा जा रहा है।