ऊना। जिले में कोरोना की संक्रमण दर 13 फीसदी से अधिक पहुंच गई है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं तो वहीं लोगों को भी एहतियात बरतने की जरूरत है। वहीं रैपिड एंटीजन की संक्रमण दर 35 प्रतिशत के पार पहुंच गई है। कोरोना के मामले बढ़ने के साथ-साथ विभाग ने सैंपलिंग भी तेज कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग रोजाना 150 से अधिक लोगों की जांच कर रहा है। जिले में शनिवार शाम तक के आंकड़ों के अनुसार जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 101 पहुंच गई है। बता दें कि लंबे समय के बाद जिले में कोरोना के मामले 100 के पार पहुंचे हैं। लोगों की तरफ से लापरवाह होना इसके पीछे एक बड़ा कारण है। विभाग लोगों से कोरोना के नियमों की पालना करने की लगातार अपील कर रहा है। बीते तीन दिनों में जिले में 48 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं।
इसमें 13 अप्रैल को 24, 14 अप्रैल को 16 व 15 अप्रैल को कोरोना के नौ नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान जिन क्षेत्रों से मामले सामने आ रहे हैं, उन स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में कोरोना टेस्टिंग की जा रही है।
इनमें अधिकतर मामले ग्रामीण क्षेत्रों से आए हैं। इस कारण से आशा वर्करों के माध्यम से लोगों को घर-घर जाकर कोरोना के प्रति जागरूक भी किया जार रहा है। आगामी दिनोंं में अगर कोरोना के मामले ओर अधिक बढ़ते हैं, तो स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ सकती हैं।
कोट्स
कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। विभाग ने इसके लिए लगातार सैंपलिंग बढ़ा रहा है। इसके अलावा लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। सभी लोग कोरोना के नियमों की पालना करें।
डॉ मंजू बहल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना।