अंडर-14 बालिका वर्ग खेल प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
सेमीफाइनल में सिरमौर और हमीरपुर बाहर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोह में करवाई जा रही राज्य स्तरीय अंडर-14 बालिका वर्ग खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न मुकाबले करवाए गए। हैंडबाल प्रतियोगिता में ऊना और बिलासपुर की टीम फाइनल में पहुंच गई है। शनिवार को ट्रॉफी के लिए दोनों टीमें आमने सामने होंगी। इससे पहले सेमीफाइनल में बिलासपुर की टीम ने सिरमौर की टीम को 31-03 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में ऊना ने हमीरपुर की टीम को 13-07 से शिकस्त दी। वहीं, हॉकी के दिन में तीन मुकाबले करवाए गए। पहले मुकाबले में सिरमौर की टीम ने मंडी की टीम को 2-1 से हराया। दूसरे मुकाबले में शिमला की टीम ने कुल्लू की टीम को 2-1 से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में सोलन की टीम ने हमीरपुर की टीम को 4-2 से हराया। प्रतियोगिता में प्रदेश के दस जिलों से आई लगभग 440 बालिकाएं भाग ले रही हैं।