बीएमओ ने किया निरीक्षण, औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा विभाग
सुविधा शुरू करने को लेकर खंड चिकित्सा अधिकारी ने दौलतपुर चौक अस्पताल का किया दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक में जल्द ही गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो जाएगी। इसकी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए स्वास्थ्य विभाग जुट गया है। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर खंड चिकित्सा अधिकारी गगरेट पंकज पराशर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक का निरीक्षण किया। साथ ही अल्ट्रासाउंड मशीन को स्थापित करने के लिए आवश्यक जानकारी हासिल की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक को विधायक राकेश कालिया के प्रयासों से आदर्श अस्पताल का दर्जा मिला है। इसके बाद अस्पताल में मरीजों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा होगा। विधायक राकेश कालिया ने अपने पहले कार्यकाल में दौलतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड सुविधा के लिए मशीन मुहैया करवाई थी। लेकिन, यह सुविधा थोड़े दिन ही चल पाई थी और मशीन खराब होने से यह सुविधा बंद हो गई। ऐसे में अस्पताल आने वाले मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा अभी तक नहीं मिल पा रही थी। अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से खासकर गर्भवती महिलाओं को ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ता है। मरीजों को मजबूरी में बाहर निजी सेंटरों पर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ता था। इसके बदले उन्हें 800 से 1000 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने से ग्रामीण महिलाओं को राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत आने वाली गर्भवती महिलाओं को भी जांच में सुविधा होगी। बीएमओ पंकज पराशर ने सीएचसी दौलतपुर चौक का दौरा कर अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने के लिए कमरे एवं अस्पताल में अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी हासिल की है। डाॅ. पंकज पराशर ने बताया कि सीएमओ ऊना के निर्देश पर अस्पताल का दौरा कर मशीन स्थापित करने के लिए उपयुक्त कमरे एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि विधायक राकेश कालिया के प्रयासों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक में गर्भवती महिलाओं के लिए जल्द अल्ट्रसाउंड सुविधा शुरू हो जाएगी। अस्पताल का दौरा का मशीन स्थापित करने के लिए कमरे एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।