जोल (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बौल में सड़क सुरक्षा पर बच्चों ने रैली निकाली। इसका आयोजन सड़क सुरक्षा क्लब के प्रभारी संजय कुमार की अध्यक्षता में किया गया। स्कूल के सभी बच्चों ने रैली में भाग लिया। इस दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा के तहत बच्चों ने स्कूल के बाहर सड़क पर नाका लगाया और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट और ओवर स्पीड के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम के तहत बच्चों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बौल से लेकर खुरवाई बाजार तक सड़क सुरक्षा रैली निकाली और इश्तिहार बांटे। प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों का पालन न करके वाहन चलाना है। इस रैली में सड़क सुरक्षा क्लब के प्रभारी संजय कुमार एवं स्कूल परिवार के सभी सदस्यों ने भाग लिया।