बंगाणा (ऊना)। जिला ऊना वन विभाग की सिंघम अधिकारी शशि बाला किसी से कम नहीं हैं। अवैध कटान माफिया के लिए यह सिंघम अधिकारी खौफ बनी हुई है। 2025 में भी दो दर्जन अवैध कटान माफिया पर शिकंजा कसने बाली शशि बाला ने वीरवार सुबह 2:30 बजे एक और 5 बजे दूसरी गाड़ी को प्रतिबंधित लकड़ी लेकर जाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। बंगाणा और ऊना रेंज के कार्यकारी अधिकारी अंकुश आनंद की देखरेख तथा लमलैहड़ी बीट की बीओ शशि बाला ने अपनी टीम के साथ टक्का के नजदीक नाकाबंदी की हुई थी। वीरवार सुबह एक गाड़ी आई जिसमें तिरपाल के नीचे छुपा कर प्रतिबंधित लकड़ी रखी थी। चालक उसके कागज न दिखा पाया। वहीं पर दूसरी गाड़ी सुबह लगभग पांच बजे पकड़ी, दोनों गाड़ियों में प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी के मोच्छे डाले हुए थे। शाशि बाला ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। डीएफओ ऊना सुशील राणा ने बताया कि 31 जनवरी तक खैर के अलावा सभी प्रकार की पेड़ कटाई पर रोक लगा दी गई है। इस समय खैर कटान पर वन विभाग निगरानी कर रहा है। दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।