ऊना। थाना हरोली के तहत नंगल खुर्द गांव में एक व्यक्ति ने अपने भाई पर गहने और अन्य कीमती सामान गायब करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुखविंद्र सिंह निवासी नंगल खुर्द ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई त्रिलोचन सिंह पुश्तैनी मकान में रहता है, जबकि उसने हालही में अपना अलग घर बनाया। सुखविंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका अपना मकान तैयार होने के बाद उसने अपना सामान पुश्तैनी मकान से निकालकर नए घर में रखने का प्रयास किया। पुश्तैनी घर के कमरे में बेड, सिलेंडर, दो अलमारियां, सिलाई मशीनें, पांच तोला सोना, जिसमें गले का हार, वालियां, अंगूठी रखे हुए थे। लेकिन अब वह सामान नए घर में ले जाना चाहते हैं तो उसका बाई त्रिलोचन आनाकानी कर रहा है। उनके विवाद में पंचायत की ओर से समझौता भी करवाया गया, लेकिन उसका भाई सामान उठाने नहीं दे रहा। हाल ही में वह सामान उठाने गए तो आरोपी ताला लगाकर चला गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसे शक है कि आरोपी ने उसका कीमती सामान कहीं गायब कर दिया है। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने कहा कि मामले की जांच जारी है। संवाद