शिकायत पर दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाना किया तलब
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना में छात्रों के दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वहीं, इसकी शिकायत सिटी चौकी में भी पहुंची।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों से बुधवार शाम को पूछताछ की। जानकारी के अनुसार ऊना महाविद्यालय में पढ़ाई करने वाले करीब 10 विद्यार्थियों का आपस में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले कहासुनी और उसके बाद दोनों गुटों में हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान एक विद्यार्थी के सिर में चोट आई है। इसके बाद दूसरा गुट वहां से भाग निकला। इस वारदात को आसपास मौजूद विद्यार्थियों ने अपने फोन में कैद कर लिया। वहीं, मामले की शिकायत सिटी चौकी में की गई।
बुधवार देर शाम पुलिस ने दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया। महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ. मीता शर्मा ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया और न ही किसी प्रकार की शिकायत आई। फिर भी वह अपने स्तर पर इसकी जांच करवाएंगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।