थाना सदर के तहत लाल सिंगी में एक नाई की दुकान में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कैंची और उस्तरा से वार किए गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पहले पक्ष से शिकायतकर्ता बृजेश निवासी गांव रुस्तम नगर तहसील भिलारी जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लाल सिंगी में किराये के कमरे में रहता है और मजदूरी करता है। वह रविवार शाम को सड़क किनारे पहुंचा तो वहां उसे अंकित व विजेंद्र भी मिले। वे तीनों एक बेकरी की दुकान में गए और वहां से पेस्टी खरीदी। इस दौरान साथ लगती नाई की दुकान चलाने वाले ईश मोहम्मद व अनीश मोहम्मद के साथ उनकी किसी बात को लेकर बहसबाजी हो गई। इसके बाद उनमें लड़ाई-झगड़ा होने लगा। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि ईश मोहम्मद व अनीश मोहम्मद ने उसके साथ मारपीट की। दोनों आरोपियों की मारपीट से उसे अंकित व विजेन्द्र छुड़ा रहे थे। इस दौरान ईश मोहम्मद ने अपनी दुकान से कैंची व अनीश ने उस्तरा उठा लिया। ईश मोहम्मद ने कैंची के साथ उसकी पीठ पर वार किए। वहीं, मुनीष ने छुड़ाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। मुनीष को सिर व शरीर में चोटें आई हैं। इसके बाद आसपास मौजूद लोग उन्हें ऊना अस्पताल लेकर गए।
उधर, दूसरे पक्ष से ईश मोहम्मद निवासी लाल सिंघी ऊना तहसील ने पुलिस को बताया कि वह पुराना होशियारपुर सड़क मार्ग लाल सिंगी में नाई की दुकान चलाता है। रविवार शाम करीब पौने आठ बजे दुकान पर उसका भाई अनीश मोहम्मद भी मौजूद था। इसी दौरान बृजेश अपने रिश्तेदार मुनीष के साथ उसकी दुकान पर आया और गाली-गलौज करने लगा। जब उसने दोनों को ऐसा करने से रोका तो बृजेश ने उसकी दुकान के अन्दर पड़ा उस्तरा उठाकर उसकी गर्दन पर मार दिया। भाई अनीश छुड़ाने लगा तो आरोपियों ने उस पर भी उस्तरे से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी बृजेश व मुनीष वहां से भाग गए। स्थानीय लोग उन्हें ऊना अस्पताल लेकर आए।
उधर, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया मामले में एक पक्ष से आरोपी ईश मोहम्मद और अनीश मोहम्मद एवं दूसरे से बृजेश और मुनीष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।