पुलों का निर्माण कार्य तेज, चार करोड़ से हो रहा दो पुलों का निर्माण, जल्द मिलेगी सौगात
संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी (ऊना)। दौलतपुर चौक से मुबारिकपुर वाया भद्रकाली सड़क जल्द ही ऑल-वेदर बनने जा रही है। इस मार्ग पर नकड़ोह में शांति स्कूल के पास और भोडे की छपड़ी के समीप स्थित दो खड्डें बिना पुल के बची थीं और क्षेत्र की करीब दर्जनभर से अधिक पंचायतों के निवासियों को मुश्किलें पेश आती थीं। अब इन दोनों खड्डों पर लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाए जा रहे पुलों का कार्य तेजी से जारी है। विभाग के अधिकारी इंजीनियर सचिन शामा ने बताया कि चार करोड़ की लागत से इन दोनों पुलों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। बरसात से पहले जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इस परियोजना के तहत पुलों को मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। ठेकेदार शंभू गोस्वामी के नेतृत्व में निर्माण कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ रहा है। पुलों के बन जाने से इस सड़क पर यात्रा और परिवहन आसान हो जाएगा, जिससे विद्यार्थियों, स्थानीय लोगों, किसानों और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा। हिमाचल प्रदेश नंबरदार कल्याण महासंघ के संगठन मंत्री दीपक दत्ता ने बताया कि बरसात के दौरान इन खड्डों में पानी का स्तर बढ़ने से यातायात में दिक्कतें आती थीं। लोगों को घंटों तक बारिश में खड़े रहकर पानी उतर जाने तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन पुलों के निर्माण के बाद यह समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी। उन्होंने इन पुलों का निर्माण करवाने के लिए सरकार और लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है।