संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत हमीरपुर सड़क मार्ग पर दो बाइक की टक्कर में दो सवार घायल हो गए। हादसे में घायल अजय कुमार निवासी वार्ड-11 नीलाघाट पुल वाला बाजार ऊना को पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ऊना से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमी राम निवासी भदसाली जिला ऊना ने शिकायत में बताया कि बुधवार शाम को अजय कुमार अपनी बाइक पर कहीं जा रहा था। इस दौरान अजय मुकेश अस्पताल के सामने नर्सरी के पास सड़क के किनारे पर पहुंचा, उसी समय एक पंजाब नंबर बाइक ने उसे तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। जिस बाइक से टक्कर हुई, उसे वरिंद्र सिंह निवासी गांव जोगोवाल जिला गुरदासपुर पंजाब चला रहा था। हादसे में दोनों बाइक चालकों को चोटें आई। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। ऊना अस्पताल में अजय को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि हादसे की जांच जारी है।