दौलतपुर चौक (ऊना)। पुलिस ने शुक्रवार रात को एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चार ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया। यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मवा कहोलां पंचायत घर के समीप लगाए गए नाके के दौरान मिली। बताया जा रहा कि पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक स्कूटी पर सवार दो युवक नशीला पदार्थ लेकर जा रहे। इसके बाद पुलिस ने नाका लगाकर स्कूटी को रोका और जांच में डिग्गी से पारदर्शी पाउच बरामद हुआ, जिसमें चार ग्राम चिट्टा पाया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार (30) निवासी लाहड कोटलू और संजय कुमार (34) निवासी सूदियाल, थाना नादौन, जिला हमीरपुर के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद