दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक के समीप डंगोह खास गांव में स्कूटी सवार युवक की मौत के मामले में फरार पिकअप चालक को पुलिस ने ढूंढ लिया है। पुलिस ने आरोपी के वाहन को भी कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी चालक का भी मेडिकल करवाया गया है। थाना गगरेट के तहत मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11 बजे दौलतपुर चौक के समीप गांव डंगोह खास में पिकअप ट्राले ने स्कूटी सवार को टक्कर मारी थी। इसके बाद एक की मौत जबकि दूसरा स्कूटी सवार जख्मी हो गया था। टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी व बयानों के आधार पर आरोपी भूपिंदर कुमार पुत्र राजकुमार निवासी डंगोह की गाड़ी को जब्त कर लिया है। चौकी प्रभारी रविपाल ने बताया कि पुलिस ने अभिषेक पुत्र महिपाल की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोपी को ढूंढ लिया गया और मामले को लेकर कार्रवाई जारी है। -संवाद